मानवता की मिसाल: बेघर बुजुर्ग महिला की मदद के लिए आगे आए विधायक प्रतिनिधि मनीष हिंदुस्तान
पालकोट प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित नागपुरी सांस्कृतिक विकास कला केंद्र के बरामदे में विगत तीन महीने से रह रही एक असहाय बुजुर्ग महिला एतवारी मुंडा (पति स्व. चैतू मुंडा) की सुध लेने कांग्रेस पार्टी के युवा नेता सह विधायक प्रतिनिधि मनीष हिंदुस्तान पहुंचे. उन्होंने बुजुर्ग महिला के पास जाकर उनका हाल-चाल जाना. पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि वह ब्लॉक के पास पुराना रोड, अलंगकेरा मार्ग पर रहती थी, लेकिन पालकोट निवासी वीरेंद्र बिहारी मिश्रा उर्फ बीबी मिश्रा ने धोखे से उसकी जमीन व घर-द्वार बेचकर उसे बेदखल कर दिया.
इसके बाद से वह रहने और खाने के लिये दर-दर भटकने को मजबूर है. मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रतिनिधि मनीष हिंदुस्तान ने तत्काल बीडीओ विजय उरांव से दूरभाष पर संपर्क कर पीड़ित बुजुर्ग महिला को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ तथा वृद्धा पेंशन मुहैया कराने की मांग की. इस पर बीडीओ विजय उरांव ने नियमानुसार हरसंभव प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. साथ ही मनीष हिंदुस्तान द्वारा बुजुर्ग महिला के लिये सोने हेतु बिछावन व कपड़ों की भी व्यवस्था की गयी.
इस मौके पर पूर्व विधायक प्रतिनिधि भूषण सिंह, दिगंबर साहू, प्रमोद सिंह आदि लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे.
