गुमला

बस स्टैंड में जुआ खेलते दो गिरफ्तार, 13,500 रुपये नकद बरामद

गुमला थाना की पुलिस ने ललित उरांव बस स्टैंड परिसर में छापेमारी कर जुआ खेलते दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश और कुल 13,500 रुपये नकद बरामद किये हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डीएसपी रोड मुरली बगीचा निवासी गणेश प्रसाद (28) और लक्ष्मण नगर निवासी रवि राम (54) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, नौ अगस्त की रात करीब 8.45 बजे संध्या गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि गुमला बस स्टैंड में बने शेड के किनारे कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे हैं.

सूचना वरीय अधिकारियों को देने के बाद उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने करीब रात 9.00 बजे बस स्टैंड स्थित शेड के पास पहुंचकर कार्रवाई की. पुलिस टीम को दूर से ही विद्युत बल्ब की रोशनी में करीब सात-आठ लोगों के एक साथ बैठकर जुआ खेलने की जानकारी मिली. पुलिस के पहुंचते ही जुआ खेल रहे लोग भागने लगे. इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया. पूछताछ में दोनों ने जुआ खेलने की बात स्वीकार की. हालांकि मौके से भागे अन्य लोगों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी. जुआ खेलने के स्थान की तलाशी लेने पर 52 पत्ती ताश के अलावा 500 रुपये के 14 नोट और 100 रुपये के पांच नोट, कुल 7,500 रुपये बरामद हुए.

वहीं, पुलिस ने गणेश प्रसाद की तलाशी ली तो उसके पैंट की जेब से 500 रुपये के 12 नोट यानी 6,000 रुपये मिले. इस तरह पुलिस ने कुल 13,500 रुपये नकद जब्त किये. थानेदार दिनेश कुमार ने कहा है कि रात्रि होने के कारण मौके पर स्वतंत्र गवाह उपलब्ध नहीं हो सका. पुलिस ने साथ मौजूद चौकीदार अनिता कुमारी और सहायक आरक्षी आशीष एक्का की मौजूदगी में बरामद सामान की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर उसे सीलबंद किया. दोनों गवाहों ने जब्ती सूची पर हस्ताक्षर किये. इसके बाद गणेश प्रसाद और रवि राम को सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. मामले में दोनों गिरफ्तार आरोपियों के अलावा जुआ खेलने में शामिल अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *