गुमला

संत पैट्रिक स्कूल में देशभक्ति का रंग, बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन

संत पैट्रिक स्कूल, गुमला में शनिवार को उत्साह और देशभक्ति के माहौल में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय रिजर्व बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी जेम्स लकड़ा रहे. अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर नाबोर मिंज ने की. समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई. इसके बाद देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साह के साथ भाग लिया और देशप्रेम का संदेश दिया. 

समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण और नाटक समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों का मन मोह लिया. देशभक्ति गीतों पर विद्यार्थियों ने उत्साह से प्रस्तुति दी, जिससे पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम से भर गया. बच्चों के जोश और प्रतिभा ने समारोह में चार चांद लगा दिए.

मुख्य अतिथि जेम्स लकड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि इसके साथ जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं. आज की पीढ़ी देश के भविष्य की जिम्मेदारी संभालने वाली है. विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत और देश के प्रति समर्पण को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारा और जिम्मेदार नागरिकता को मजबूत करना भी जरूरी है.

उन्होंने कहा कि देश की तरक्की तभी संभव है, जब समाज के सभी वर्ग मिलकर आगे बढ़ें. युवाओं को शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान हासिल कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक का उपयोग सकारात्मक कार्यों तथा ज्ञान बढ़ाने के लिए करें.

प्रधानाध्यापक फादर नाबोर मिंज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है. उन्होंने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया. समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *