जांबाजी को सलाम! क्यूआरटी जवान नीरज तिवारी सम्मानित, कई अभियानों में दिखाया दम
गुमला जिले में अपराध और नक्सल गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले पुलिस जवान नीरज तिवारी को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया. परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित समारोह में उपायुक्त दिलेश्वर महतो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां और उप विकास आयुक्त अनिमेष कुमार ने नीरज तिवारी को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया.
नीरज तिवारी गुमला पुलिस अधीक्षक की त्वरित कार्रवाई टीम के जांबाज जवान हैं. पुलिस विभाग के अनुसार, हाल के दिनों में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए कई महत्वपूर्ण अभियानों में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई है. नक्सलियों की गिरफ्तारी, मुठभेड़ के दौरान कार्रवाई तथा विभिन्न आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों को पकड़ने में भी नीरज तिवारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
कई संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण अभियानों में शामिल रहकर उन्होंने साहस, सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया है. उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पण को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने पर पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने नीरज तिवारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
