बसुवा अस्पताल में दवाओं का टोटा, मरीजों का फूटा गुस्सा; लोगों ने किया हंगामा
गुमला के बसुवा अस्पताल में जरूरी दवाओं की कमी से मरीजों को परेशानी हो रही है. इलाज की उम्मीद में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को कई आवश्यक दवाएं नहीं मिल पा रही हैं. ऐसे में उन्हें बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है. कुछ मरीजों को बेहतर इलाज के लिए गुमला और लोहरदगा जाना पड़ रहा है.
दवाओं की कमी से नाराज मरीजों और ग्रामीणों ने बुधवार को अस्पताल पहुंचकर विरोध जताया. इस दौरान लोगों ने हंगामा भी किया. ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन से जल्द से जल्द जरूरी दवाओं की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि मरीजों को परेशानी न हो और उन्हें बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर नहीं होना पड़े.
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद दवाएं नहीं मिलने से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. खासकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ रहा है.
समाजसेवी सिकंदर मांझी ने कहा है कि अस्पताल में दवाओं का अभाव गंभीर समस्या है. मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं. लेकिन जरूरी दवा नहीं मिलने के कारण उन्हें गुमला शहर का रुख करना पड़ता है. उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के अस्पताल में दवा उपलब्ध नहीं रहने से मरीजों की परेशानी बढ़ रही है और यह उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ जैसा है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने की मांग की. ग्रामीणों ने भी चेतावनी दी कि यदि जल्द दवाओं की व्यवस्था नहीं की गयी तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
