खेल

सुब्रतो मुखर्जी कप में झारखंड का धमाल, दिल्ली को 8-0 से रौंदा; सुनेना-साबरनी-स्वीटी ने बरसाए गोल

दिल्ली में चल रही 56वीं एडिसन इंटरनेशनल सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने शानदार शुरुआत की. लीग चरण के पहले मुकाबले में झारखंड ने दिल्ली को 8-0 से करारी शिकस्त दी. मैच की शुरुआत से ही झारखंड की खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और दिल्ली की टीम को संभलने का मौका नहीं दिया. पहले हाफ में झारखंड ने चार गोल कर मजबूत बढ़त बना ली. दूसरे हाफ में भी टीम का दबदबा जारी रहा और चार और गोल दागकर मुकाबला 8-0 से अपने नाम कर लिया. गुमला के खेल संयोजक कृष्णा उरांव ने बताया कि टीम में गुमला के खिलाड़ी भी शामिल हैं.

पहला गोल सुनेना टुडू ने किया. इसके बाद साबरनी कुमारी ने लगातार दो गोल दागे, जबकि चौथा गोल उषा कुमारी ने किया. पहले हाफ की समाप्ति तक झारखंड 4-0 से आगे रहा. दूसरे हाफ में भी झारखंड की टीम ने दबाव बनाए रखा. स्वीटी मिंज ने लगातार दो गोल कर टीम की बढ़त को 6-0 कर दिया. इसके बाद बीना कुमारी ने सातवां और सीमा कुमारी ने आठवां गोल दागकर झारखंड की जीत 8-0 से सुनिश्चित कर दी. झारखंड की खिलाड़ियों के शानदार तालमेल, आक्रामक रणनीति और बेहतरीन गोल करने की क्षमता की बदौलत टीम ने प्रतियोगिता का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया. इस जीत से झारखंड की टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और आगामी मुकाबलों में भी टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *