जेसीबी की खुदाई में कटी 11 केवी केबल, बिजली विभाग को 1.50 लाख का नुकसान; प्राथमिकी दर्ज
गुमला: गुमला थाना क्षेत्र स्थित 132/33 केवी गुमला ग्रिड में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए चल रही खुदाई के दौरान जेसीबी की लापरवाही से 11 केवी डुमरडीह फीडर की एचटीयूजी केबल क्षतिग्रस्त हो गयी. इससे झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड को करीब 1.50 लाख रुपये का नुकसान होने की बात सामने आयी है. मामले में गुमला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल गुमला के सहायक विद्युत अभियंता हरि उरांव ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि 17 अगस्त को दोपहर करीब 12:40 बजे पालकोट रोड स्थित गुमला ग्रिड में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए खुदाई का काम चल रहा था. यह काम संवेदक राजकुमार प्रधान की ओर से कराया जा रहा था.
आरोप है कि खुदाई के दौरान जेसीबी चालक और संवेदक की लापरवाही के कारण 11 केवी डुमरडीह फीडर की एचटीयूजी केबल कटकर क्षतिग्रस्त हो गयी. इससे विभाग को करीब 1.50 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई. सहायक विद्युत अभियंता ने पुलिस से जेसीबी चालक और संबंधित संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
