गुमला

घाघरा में रफ्तार का कहर: स्कूटी ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, मोजाहिर की मौत, 3 घायल

गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में चपका तालाब के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग घायल हो गये. मृतक की पहचान सीसी कतरी गांव निवासी मोजाहिर खान के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.

परिजनों के अनुसार, मोजाहिर खान अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से घाघरा की ओर से अपने गांव सीसी जा रहे थे. इसी दौरान चपका तालाब के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार स्कूटी सवार युवक ने अचानक नियंत्रण खो दिया. स्कूटी सीधे मोजाहिर की बाइक से जा टकरायी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोजाहिर गंभीर रूप से घायल हो गये और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.

हादसे में स्कूटी पर सवार तीनों युवक भी घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *