गुमला

गुमला में सड़क हादसों का कहर, दो लोगों की मौत

गुमला में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गयी. पहली घटना पालकोट थाना के बघिमा पेट्रोल पंप के समीप हुई. जहां ट्रैक्टर की चपेट में आने से 40 वर्षीय संजय उरांव की मौत हो गयी. वहीं दूसरी घटना महुआडांड़ थाना क्षेत्र के लखेपुर बसकरचा के पास हुई. जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल 58 वर्षीय रामपति बड़ाइक ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल गुमला में दम तोड़ दिया.

पालकोट थाना के बागेसेरा डुमरडीह निवासी संजय उरांव गुमला शहर के बेहराटोली में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था. मंगलवार को वह खेती-बारी के काम से अपने गांव गया था. देर शाम वापस लौटने के दौरान बघिमा पेट्रोल पंप के समीप एक ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से संजय को सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. संजय विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं. पत्नी पार्वती देवी ने बताया कि परिवार में संजय ही कमाने वाला था. उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

दूसरी घटना महुआडांड़ थाना के लखेपुर बसकरचा के पास हुई. यहां 21 अगस्त की शाम करीब सात से साढ़े सात बजे के बीच सड़क दुर्घटना में 58 वर्षीय रामपति बड़ाइक घायल हो गया था. सूचना मिलने पर उनके पुत्र सत्यवान बड़ाइक परिजनों के साथ घटनास्थल पहुंचे. रामपति सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े मिले. परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले गये. जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला लाया गया. सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था. इलाज के दौरान 25 अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे चिकित्सकों ने रामपति बड़ाइक को मृत घोषित कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *