तिरंगे के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, गुमला में बच्चों ने दिखाया गजब का उत्साह
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को गुमला शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. अंजुमन इस्लामिया गुमला और उलेमा-ए-कराम की अगुवाई में निकले जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए. जुलूस में बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. बच्चे धार्मिक झंडे और बैनर लेकर जुलूस में शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते नजर आये. जुलूस के दौरान तिरंगा झंडा लहराते नजर आया. देशभक्ति माहौल में जुलूस निकला. जुलूस सुबह करीब नौ बजे बाजारटांड़ स्थित मोती मस्जिद से शुरू हुआ.
यहां से जुलूस इस्लामपुर चौक, बाबर गली, थाना रोड और टावर चौक होते हुए सिसई रोड स्थित संत इग्नासियुस हाई स्कूल पहुंचा. इसके बाद जुलूस वापस टावर चौक, मेन रोड और थाना चौक होते हुए जामा मस्जिद के समीप पहुंचा, जहां दुआ व सलाम के साथ जुलूस का समापन किया गया. जुलूस के दौरान शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
पुलिस पदाधिकारी जुलूस के साथ-साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए थे. यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने का प्रयास किया गया. अंजुमन इस्लामिया के सदर मोशाहिद आजमी और सचिव मो मकसूद ने कहा कि जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सभी लोगों का सहयोग रहा. जुलूस के दौरान पानी के टैंकर और प्राथमिक उपचार के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गयी थी. जुलूस में शामिल लोगों ने आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द का संदेश दिया. वहीं, बच्चों की बड़ी संख्या में भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही. शहरवासियों ने भी जुलूस के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखने में सहयोग किया.
