गुमला

चालक को आई झपकी तो बेकाबू हुआ ट्रक, डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट पोल तोड़े

भरनो में रांची-गुमला मुख्य मार्ग एनएच-43 के मलगो मोड़ पर शनिवार दोपहर चालक को नींद आने से एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट के पोल को तोड़ते हुए सड़क की दूसरी ओर जा पहुंचा. हादसे में डिवाइडर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि स्ट्रीट लाइट का पोल भी टूट गया. दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि, गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम थी. अगर उस समय सड़क व्यस्त होती तो ट्रक की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता था.

डिवाइडर से टकराया रेल पहिए लदा ट्रक

भरनो के मलगो मोड़ के पास शनिवार दोपहर करीब 3 बजे रेल के पहिए लेकर रांची से छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जा रहा मालवाहक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया. चालक के अनुसार, रास्ते में अचानक नींद आने के कारण ट्रक पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और वाहन डिवाइडर से टकरा गया. हादसे में ट्रक चालक समेत वाहन में सवार अन्य लोगों को कोई चोट नहीं आई और सभी बाल-बाल बच गए. दुर्घटना की सूचना मिलते ही भरनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बाधित यातायात को सुचारू कराया. घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *