गुमला

एक रात में खाते से उड़ाये 49,997 रुपये, ओटीपी के बाद तीन बार में हुई निकासी

गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र के कोयंजाली गांव की रहने वाली सुनैन देवी साइबर ठगी का शिकार हो गयीं. साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से एक ही रात में तीन बार में 49,997 रुपये निकाल लिये. महिला के खाते में 49,998 रुपये जमा थे, यानी ठगों ने लगभग पूरी रकम साफ कर दी.

पीड़िता सुनैन देवी, पति मनोज साहू ने बताया कि उनका बैंक ऑफ इंडिया में खाता है. 27 अगस्त की रात करीब 11.40 बजे उनके मोबाइल पर ओटीपी आया. इसके कुछ देर बाद खाते से 19,999 रुपये, फिर 19,999 रुपये और 9,999 रुपये की निकासी के मैसेज आये.

तीनों निकासी में कुल 49,997 रुपये खाते से निकल गये. महिला ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी 28 अगस्त की सुबह मोबाइल पर आए मैसेज देखने के बाद हुई.

सुनैन देवी ने बताया कि उनके खाते से पैसे किसने निकाले, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है. घटना के बाद उन्होंने पालकोट पुलिस को मामले की जानकारी दी. पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर साइबर ठगी करने वाले आरोपी का पता लगाने और खाते से निकाली गयी 49,997 रुपये की रकम वापस दिलाने की गुहार लगायी है.

साइबर ठगी की शिकार महिला ने पुलिस से लगायी गुहार

पीड़ित महिला सुनैन देवी ने पालकोट थाना में आवेदन देकर मामले की जांच कराने और साइबर ठगी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने पुलिस से अपने बैंक खाते से निकाली गयी 49,997 रुपये की राशि वापस दिलाने की भी अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *