सांप ने नाक के पास काटा, फिर भी आधे घंटे तक उससे खेलता रहा युवक, देखने वालों की अटकी सांसें
गुमला के बसिया प्रखंड के तिर्रा गांव में शनिवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आयी. यहां 30 वर्षीय मुरारी पाइक तिर्रा को सांप ने नाक के पास काट लिया, लेकिन इसके बाद भी वह करीब आधे घंटे तक सांप से खेलता रहा.
ग्रामीणों के अनुसार, मुरारी को जानकारी मिली कि पड़ोस के एक घर में सांप घुस गया है. वह तुरंत वहां पहुंचा और सांप को पकड़कर हाथ में उठा लिया. इसके बाद वह सांप को लेकर नाचने लगा. इसी दौरान सांप ने उसकी नाक के पास काट लिया. इसके बावजूद मुरारी ने सांप को नहीं छोड़ा और करीब आधे घंटे तक उसके साथ खेलता रहा.
बाद में परिजनों ने उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बसिया में भर्ती कराया. फिलहाल युवक की हालत ठीक बतायी जा रही है और उसे किसी तरह की परेशानी नहीं हुई है.
