चैनपुर में संत मोनिका का पर्व मनाया गया, महिलाओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
गुमला के चैनपुर प्रखंड स्थित संत आंतोनियो चर्च मालम नवाटोली में शनिवार को संत मोनिका का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. संत मोनिका को महिलाओं का संरक्षक मानते हुए आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गांवों की ईसाई धर्मावलंबी महिलाओं ने विशेष रूप से हिस्सा लिया. मुख्य अतिथि फादर पवन की अगुवाई में फादर इंचार्ज और सहायक फादर रोबिन लकड़ा ने मिस्सा पूजा करायी.
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. फादर पवन ने कहा कि महिलाओं को संत मोनिका के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए. संत मोनिका ने अपने भटके हुए बेटे संत ऑगस्टीन को त्याग, तपस्या और धैर्य के बल पर एक बेहतर इंसान बनाया. उन्होंने महिलाओं से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करने की अपील की.
कार्यक्रम में मालम, मालम नवाटोली, बाहुबली, डांड़गांव, तिवारी हरा, पतरा टोली और सिविल सहित कई गांवों के लोग शामिल हुए. कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया.
