खेल

Video : दिल्ली में रचा इतिहास, गुमला लौटीं चैंपियन बेटियों का जोरदार स्वागत

Video : दिल्ली में इतिहास रचकर 65वें अंतरराष्ट्रीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अंडर-17 बालिका वर्ग की राष्ट्रीय चैंपियन बनीं संत पात्रिक स्कूल गुमला की बेटियां रविवार को अपने शहर लौटीं तो पूरा गुमला उनके स्वागत में उमड़ पड़ा. जैसे ही विजेता टीम गुमला पहुंची. खिलाड़ियों के स्वागत में ढोल-नगाड़े बजने लगे और पूरा माहौल उत्सव में बदल गया. फूल-मालाओं से खिलाड़ियों का स्वागत किया गया. इसके बाद शहर में भव्य विजय जुलूस निकाला गया. विजय जुलूस में खिलाड़ी हाथों में सुब्रतो कप की ट्रॉफी लेकर चल रही थीं. सभी लड़कियां फूलों से सजी गाड़ी में थी. उनके साथ स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक, खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए.

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते जुलूस के दौरान जगह-जगह लोगों ने खिलाड़ियों का फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा से स्वागत किया. लोगों ने भारत माता की जय और खिलाड़ियों के सम्मान में नारे लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया. गुमला की सड़कों पर चैंपियन बेटियों की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही. विजय जुलूस से पहले संत पात्रिक स्कूल परिसर में विजेता टीम के सम्मान में मंचीय कार्यक्रम हुआ. कार्यक्रम में खिलाड़ियों और प्रशिक्षक का अभिनंदन किया गया. स्कूल परिवार ने टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जतायी. खिलाड़ियों ने भी अपनी जीत के अनुभव साझा किये और बताया कि कठिन अभ्यास, अनुशासन और पूरी टीम की एकजुटता ने उन्हें खिताब तक पहुंचाया.

यह सिर्फ गुमला की नहीं, पूरे झारखंड की जीत’ : एचएम

संत पात्रिक स्कूल गुमला के एचएम फादर नाबोर मिंज ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ संत पात्रिक स्कूल या गुमला की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है. बेटियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर गुमला का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी. उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया. कोच वीणा केरकेटटा ने कहा है कि रणनीति, अनुशासन व खिलाड़ियों के तालमेल से जीत मिली है.

फाइनल में मिजोरम को 2-0 से दी थी मात

खेल संयोजक कृष्णा उरांव ने कहा कि गौरतलब है कि दिल्ली के डॉ बीआर आंबेडकर स्टेडियम में खेले गये फाइनल मुकाबले में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए संत पात्रिक स्कूल गुमला की अंडर-17 बालिका टीम ने मिजोरम की एनसीसी टीम को 2-0 से हराकर सुब्रतो कप का खिताब अपने नाम किया था. इससे पहले टीम ने सेमीफाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया था. गुमला लौटने पर जिस तरह शहर ने अपनी चैंपियन बेटियों का स्वागत किया, उससे साफ है कि यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि गुमला की फुटबॉल प्रतिभा और बेटियों के सपनों की बड़ी जीत है. इस सफलता ने जिले के युवा खिलाड़ियों में भी नई उम्मीद और उत्साह पैदा किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *