संस्कृति

शहीदों की याद में सजेगा करौंदा बेड़ा, 2 सितंबर को जुटेंगे देशभर से श्रद्धालु

गुमला के पालकोट प्रखंड स्थित निर्मला सेवा आश्रम करौंदा बेड़ा में शहीदों की 32वीं पुण्यतिथि समारोह 2 सितंबर 2026 को मनायी जाएगी. समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. कार्यक्रम में रांची धर्मप्रांत के सहायक धर्माध्यक्ष अति माननीय आनंद डेविड खलखो मुख्य अनुष्ठाता होंगे. उनके साथ सिमडेगा धर्मप्रांत के बिशप विन्सेंट बरवा और गुमला धर्मप्रांत के बिशप लिनुस पिंगल एक्का भी शामिल होंगे. समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है.

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नौ बजे तीर्थयात्रियों के प्रवेश से होगी. सुबह 10 बजे दीप प्रज्वलन एवं झंडोत्तोलन किया जायेगा. इसके बाद 11 बजे से पवित्र मिस्सा पूजन का आयोजन होगा. कार्यक्रम की जानकारी करौंदा बेड़ा भिखारियट के डीन फादर विलियम होरो ने दी. पुण्यतिथि समारोह को लेकर करौंदाबेड़ा में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है. कार्यक्रम स्थल के अंदर और बाहर बंगाल, ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से लोगों के आने का सिलसिला जारी है. मेले में बंगाल से आये दुकानदारों ने विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की दुकानें सजायी हैं. इसके अलावा अन्य दुकानें भी लगनी शुरू हो गयी हैं.

इधर, मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बसिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवशंकर मरांडी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी पुण्यतिथि समारोह का आयोजन किया जा रहा है. इसमें ईसाई समुदाय के साथ अन्य समुदायों के लोग भी शामिल होते हैं. कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है. उन्होंने असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि मेले के आसपास अवैध रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जायेगा. ऐसे लोगों को नशे का कारोबार बंद करना होगा, अन्यथा पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *