Video : गुमला से लोहरदगा जा रहे हैं? खटवा नदी की सड़क देखकर चौंक जाएंगे
Video : गुमला-लोहरदगा मार्ग पर खटवा नदी के पास मंगलवार को सड़क निर्माण में लगे कई ट्रक सड़क पर खड़े रहने से घंटों जाम लगा रहा. इससे गुमला और लोहरदगा की ओर आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई. जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. काफी देर बाद वाहनों को किसी तरह वहां से निकालकर रास्ता साफ कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ.
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतमाला सड़क परियोजना का काम कर रही शिवालया कंपनी के कई ट्रक अक्सर एनएच पर ही खड़े कर दिए जाते हैं. इससे सड़क का काफी हिस्सा ट्रकों की वजह से घिर जाता है और दूसरे वाहनों को आने-जाने में परेशानी होती है. मंगलवार को भी कई ट्रक सड़क पर खड़े थे, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और देखते ही देखते घंटों तक जाम लग गया.
एक राहगीर ने बताया कि निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों के लगातार चलने से सड़क की हालत भी खराब हो गई है. कई जगह सड़क टूट गई है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है.
स्थानीय लोगों ने सड़क पर निर्माण सामग्री और भारी वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़ा करने पर रोक लगाने की मांग की है. साथ ही, सड़क के खराब हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने की भी मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर ट्रकों को एनएच से हटाकर तय जगह पर खड़ा कराया जाए, तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है.
