राजनीति

गुमला : राहुल गांधी पर FIR से भड़की कांग्रेस, पीएम मोदी का पुतला फूंककर किया प्रदर्शन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कथित रूप से गलत तरीके से प्राथमिकी दर्ज किए जाने के विरोध में गुमला जिला कांग्रेस कमिटी ने मंगलवार को स्थानीय शहीद चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने किया. पुतला दहन से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, वहीं राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में भी नारे लगाए.

मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ गलत तरीके से प्राथमिकी दर्ज कर कांग्रेस की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. भाजपा सरकार विपक्ष की मजबूत आवाज से घबराई हुई है. लेकिन प्राथमिकी और मुकदमों के जरिए राहुल गांधी को डराया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मंचीय कार्यक्रम के बाद भाजपा और हिंदू संगठनों द्वारा मंच का कथित शुद्धिकरण किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटना पर कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना भाजपा की दोहरी नीति को दर्शाता है.

राजनील तिग्गा ने कहा कि राहुल गांधी संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की आवाज को मजबूती से उठा रहे हैं. यही कारण है कि भाजपा उन्हें निशाना बना रही है. अगर भाजपा को लगता है कि प्राथमिकी दर्ज कर राहुल गांधी की आवाज दबा देगी, तो वह गलतफहमी में है. कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी. उन्होंने कहा कि देश में किसी भी व्यक्ति के साथ जाति के आधार पर भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता. कांग्रेस ऐसी मानसिकता का विरोध करती है और आगे भी करती रहेगी.

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को तत्काल वापस लिया जाना चाहिए. इसी मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया है. कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष रोहित उरांव, सीता देवी, मिनहाज खान, संजीव मलानी, गुलाम सरवर, जय सिंह, साहेब वसीम, रफी अली, रूपेश कुमार सन्नी, मंसूब अंसारी, फिरोज आलम, डॉ. चंद्रकिशोर केरकेट्टा, सगीर आलम, अभिषेक सोरेंग, पंचम बिलुंग, राजदीप कुजूर, एजाज अहमद, तूरतन टोप्पो, हर्षराज एक्का, गणेश राम और मुहम्मद मकसूद आलम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *