Video : गुमला के इस गांव में गूंजा नशामुक्ति का संकल्प, शराब-गांजा बनाने वालों की अब खैर नहीं
Video : गुमला के घाघरा प्रखंड के चपका जामटंगरा गांव में ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ बड़ी पहल की है. बैठक में महिला और पुरुषों ने गांव को पूर्णतः नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया. ग्रामीणों ने शराब, गांजा समेत अन्य नशीले पदार्थों के निर्माण और सेवन पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया.
ग्रामीणों ने कहा कि नशे की लत से व्यक्ति के साथ पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है. शराब व अन्य नशीले पदार्थों के कारण आर्थिक परेशानी, पारिवारिक विवाद और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं. इसे देखते हुए ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का फैसला लिया. तय किया गया कि शराब बनाते पकड़े जाने पर आर्थिक दंड लगाया जायेगा.
वहीं शराब, गांजा अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ भी समाज की ओर से दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि गांव में नशे का निर्माण और सेवन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. ग्रामीणों ने कहा कि नशामुक्त गांव बनाने के लिए हर परिवार और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. बैठक में लोगों ने नशे से होने वाले नुकसान के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने और विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प लिया. सभी ने एकजुट होकर गांव में नशामुक्त एवं स्वस्थ सामाजिक वातावरण बनाने का निर्णय लिया.
