गुमला

Video : गुमला में घूसखोरी के आरोप में बीपीओ गिरफ्तार

Video : गुमला के पालकोट प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) हरीश प्रजापति को एसीबी की टीम ने गुरुवार को छह हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि रिश्वत की शिकायत मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ा.

जानकारी के अनुसार दक्षिणी भाग पंचायत के लाभुक मुस्लिम बस्ती निवासी मोहम्मद शहाबुद्दीन उर्फ पिंटू मनरेगा योजना के तहत पालकोट काली मंदिर बस्ती के समीप काली मंदिर के पीछे 100×100 फीट के तालाब का निर्माण करा रहे हैं. तालाब निर्माण से संबंधित योजना की जियो टैगिंग कराने के एवज में बीपीओ हरीश प्रजापति द्वारा लाभुक से छह हजार रुपये रिश्वत की मांग किए जाने की बात सामने आई. इसके बाद लाभुक ने मामले की शिकायत एसीबी से की.

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने योजना बनाकर बीपीओ को रिश्वत की राशि लेते रंगेहाथ पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम बीपीओ को लेकर पालकोट प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित दक्षिणी भाग पंचायत सचिवालय पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. एसीबी की कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया. मामले में एसीबी की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *