दिल्ली में बेच दी गई किशोरी, 5 महीने बाद पुलिस ने छुड़ाया; तस्करी गिरोह का होगा खुलासा!
मानव तस्करों द्वारा दिल्ली में बेची गयी एक किशोरी को पालकोट थाना की पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर गुमला लौटी. पालकोट थाना की पुलिस ने किशोरी को दिल्ली से लाने के बाद सीडब्ल्यूसी को सौंप दिया है. किशोरी की काउंसलिंग पांच सितंबर को सीडब्ल्यूसी के सदस्यों द्वारा की जायेगी. इसके बाद स्पष्ट होगा कि किशोरी को दिल्ली ले जाने वाला गिरोह कौन है और उसके साथ प्रताड़ना की घटना घटी है या नहीं.
जानकारी के अनुसार विगत अप्रैल महीने में नाबालिग के परिजनों ने पालकोट थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. पालकोट थाना की पुलिस ने कांड का अनुसंधान करते हुए तकनीकी साक्ष्य के माध्यम से उक्त नाबालिग बच्ची को कालकाजी थाना दक्षिण-पूर्व नई दिल्ली से मुक्त कराकर गुमला ले आयी. पालकोट पुलिस अवकाश के दिन बाल कल्याण समिति के सदस्यों के समक्ष बच्ची को प्रस्तुत किया.
बाल कल्याण समिति के सदस्य सुजीत गोस्वामी एवं सुषमा कुमारी ने किशोर न्याय बालकों के देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम-2015 के अंतर्गत आदेश पारित किया. उक्त आदेश के अनुपालन के क्रम में पालकोट पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराने के पश्चात उसे बाल गृह में देखरेख एवं संरक्षण के लिए सौंप दिया.
