झारखंड

लोहरदगा : ट्रक में भरी थी 80 लाख की अवैध शराब, बिहार पहुंचती तो हो जाती 2 करोड़ की

कुडू (लोहरदगा) : कुडू थाना पुलिस ने पंजाब के चंडीगढ़ से कुडू के रास्ते रांची होकर बिहार भेजी जा रही अवैध शराब लदा मालवाहक ट्रक जब्त किया है. बरामद शराब का बाजार मूल्य लगभग 80 लाख रुपये बताया जा रहा है, जबकि बिहार पहुंचते ही शराब की कीमत दो करोड़ रुपये हो जाती. पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को सूचना मिली कि पंजाब के चंडीगढ़ से चंडीगढ़ में निर्मित व फोर सेल चंडीगढ़ मैकडॉवल नंबर वन ब्रांड की अवैध शराब लेकर एक मालवाहक ट्रक नंबर (PB 13BS-0280) जिसे बाहर से धान की भूसी लोड दिखाया गया है कुडू के रास्ते रांची जाने वाला है.

एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने शहरी क्षेत्र में थाना के समीप बुधवार की सुबह लगभग आठ बजे वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी बीच करीब नौ बजे मालवाहक ट्रक पुलिस को चकमा देकर बाइपास रोड होते हुए लोहरदगा की तरफ भागने लगा. पुलिस ने ट्रक का पीछा किया, तो चालक कुडू थाना से चार किलोमीटर दूर जीमा चौक स्थित पेट्रोल पंप के समीप ट्रक को खड़ा कर मक्का खेत होते हुए फरार हो गया.

पुलिस धान की भूसी लदे ट्रक को जब्त कर थाना ले आयी. धान की भूसी हटाने के बाद ट्रक के डाला से 790 पेटी शराब बरामद की गयी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि शराब लदा ट्रक चंडीगढ़ से उत्तर प्रदेश होते हुए गढ़वा होकर कुडू के रास्ते रांची जा रहा था. रांची में एक गोदाम में शराब उतार कर बिहार के विभिन्न जिलों में पहुंचाने की योजना थी. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शराब लदे मालवाहक ट्रक को एस्कॉर्ट कर रहे शराब तस्कर किस रास्ते से भागे व शराब के इस अवैध धंधे में कौन-कौन शामिल हैं. अवैध शराब लदा ट्रक पकड़ने में थाना प्रभारी अजीत कुमार, सअनि सुकू सोरेन तथा पुलिस बल शामिल थे. पुलिस ने चालक व तस्कर को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *