भरत इंदवार मौत मामले में FIR, तीन गिरफ्तार; संजय खड़िया फरार
गुमला थाना क्षेत्र के कुटुवा गांव में भरत इंदवार की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई नारायण इंदवार के बयान और लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. वहीं, प्राथमिकी में नामजद एक अन्य आरोपी संजय खड़िया फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
मृतक के भाई नारायण इंदवार ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि करीब एक माह पहले भरत इंदवार पर घर में घुसकर धान चोरी करने का आरोप लगाया गया था. इसी आरोप को लेकर गांव के कुछ लोगों ने एकजुट होकर उसके साथ लाठी-डंडे व अन्य हथियार से मारपीट की थी. मारपीट की घटना में भरत घायल हो गया था. इसके बाद परिजनों ने आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसका इलाज गांव में ही कराया था.
आवेदन में बताया गया है कि मारपीट के बाद भरत की तबीयत धीरे-धीरे खराब होती चली गई. परिजनों के अनुसार, भरत ने स्वयं भी मारपीट के बाद शरीर में चोट और तबीयत खराब होने की बात बताई थी. इसी बीच 31 अगस्त 2026 को घर में उसकी मौत हो गई. मौत के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों को इसकी सूचना दी.
कानूनी प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने के कारण तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी गई और ग्रामीणों की सलाह पर शव को डहुटांड फुटवा बगीचा में दफना दिया गया.
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के भाई का बयान दर्ज किया और उसके लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने नामजद आरोपियों में ठुठा इंदवार उर्फ सुरेंद्र इंदवार, घांसी खड़िया और बंधु खड़िया को गिरफ्तार कर लिया. तीनों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
वहीं, मामले में नामजद संजय खड़िया पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
इधर, प्राथमिकी में घटना में शामिल बताए गए 5-6 अन्य अज्ञात ग्रामीणों का भी जिक्र है. पुलिस अब इन अज्ञात आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. इसके लिए पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है. पहचान होने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले में मारपीट की घटना, आरोपियों की भूमिका और भरत इंदवार की मौत के कारणों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
