गुमला

Video : मारपीट में घायल संदीप जिंदगी-मौत से जूझ रहा, पत्नी ने क्या कहा देखें

Video : गुमला शहर के पालकोट रोड में बीते 7 अगस्त को हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल संदीप बाखला फिलहाल रांची सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है. मामले में संदीप की पत्नी सशी स्वाति कुजूर ने वीडियो जारी कर पुलिस पर प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है. साथ ही पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है.

वीडियो में सशी ने कहा कि वह बेहद गरीब आदिवासी परिवार से है और उसका पति ही परिवार का इकलौता कमाने वाला व्यक्ति है. 7 अगस्त को उनका पति अपनी दुकान बंद करने के बाद पालकोट रोड स्थित विकास होटल में खाना खाने गया था. खाना खाने के बाद घर लौटने के दौरान कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हालत गंभीर होने के कारण उसे इलाज के लिए रांची सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

सशी ने बताया कि घटना के संबंध में 8 अगस्त को पुलिस के पास प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. इसके बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं. वहीं, घटना के बाद से आरोपियों के परिजनों द्वारा धमकी दिए जाने की बात भी कही है.

संदीप की पत्नी ने पुलिस-प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपने परिवार को सुरक्षा देने की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि उनके पति की हालत गंभीर है और परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है. ऐसे में पुलिस की कार्रवाई से ही परिवार को न्याय की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *