Video : मारपीट के आरोपियों को खोजने पहुंचे ग्रामीण, फरार मिले तो थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी
गुमला थाना क्षेत्र में तीन युवकों के साथ मारपीट के मामले में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई. घटना से नाराज तीन-चार टोली के ग्रामीण आरोपियों की तलाश में टोंगरी टोली पहुंचे. वहां ग्रामीणों ने आरोपियों के बारे में पूछताछ की, लेकिन सभी फरार मिले. इसके बाद मुखिया के समझाने पर ग्रामीणों ने कानून का सहारा लिया और गुमला थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई.
बताया जा रहा है कि 10 सितंबर को प्रमोद उरांव अपने साथियों मुकेश गोप, अरविंद गोप समेत अन्य लोगों के साथ अमराडीह गया था. इसी दौरान कोयनारा टोली क्षेत्र में कुछ युवकों के साथ विवाद हो गया. आरोप है कि युवकों ने मिलकर तीनों के साथ मारपीट की, जिसमें एक युवक का सिर फट गया और तीनों घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
प्रमोद उरांव ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि संबंधित युवक पूर्व में भी मारपीट और विवाद की घटनाओं में शामिल रहे हैं. टोंगरी टोली के एक युवक के साथ भी कुछ दिन पूर्व मारपीट कर सिर फोड़ने का आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों ने गुमला पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
