संत अर्नोल्ड हाई स्कूल तुरबुंगा बना चैंपियन, 3-0 से जीता फादर जेबकार्ट बालिका फुटबॉल टूर्नामेंट
रायडीह : जय किसान 10+2 हाई स्कूल मांझाटोली में रविवार को 15वां फादर जेबकार्ट बालिका आवासीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया. फाइनल में संत अर्नोल्ड हाई स्कूल तुरबुंगा ने संत मरिया हाई स्कूल दलमदी को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत है इन प्रतिभाओं को मंच, अवसर और सही मार्गदर्शन देने की. ऐसी प्रतियोगिताएं बेटियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देती हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि हार से कभी नहीं डरना चाहिए. अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहें. आज का छोटा मैदान ही कल राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का रास्ता बन सकता है.
विशिष्ट अतिथि मिशिर कुजूर ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी जरूरी है. खेल से शारीरिक फिटनेस बेहतर रहती है और अनुशासन व धैर्य की सीख मिलती है. उन्होंने कहा कि ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच देते हैं.
टूर्नामेंट में 10 विद्यालयों की छात्राओं ने हिस्सा लिया. फाइनल से पहले अतिथियों का पारंपरिक नृत्य, गीत और ढोल-नगाड़े के साथ स्वागत किया गया. अतिथियों ने फादर जेबकार्ट की प्रतिमा पर पुष्पार्चन किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया.
इस दौरान मुख्य अतिथि धीरज प्रसाद साहू ने स्कूल के खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए अपनी ओर से 50 हजार रुपये नगद देने की घोषणा की. इसके बाद विजेता और उपविजेता टीम को अतिथियों ने ट्रॉफी और खस्सी देकर सम्मानित किया.
मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य फादर सिप्रियन कुजूर, फादर विजय तिग्गा, दीपांकर साहू, मिशिर कुजूर, नरेश उरांव, प्रेमचंद बाड़ा, अजय बेक, सुशमा लकड़ा, रामू तिर्की, ज्योति केरकेट्टा, सीमा बाखला, सुचिता इंदवार, रामनाथ साहू, सलोमी डांग, अंशुमाला मिंज, अनिमा टोप्पो, रजनी लकड़ा, अंजली केरकेट्टा समेत अन्य लोग मौजूद थे.
