गुमला

सैकड़ों बॉक्साइट ट्रक दौड़ रहे, फिर भी नहीं बनी सड़क, ग्रामीणों ने कहा- अब बड़े आंदोलन की तैयारी

सरांगो नवाटोली बगीचा में रविवार को सेरेन्गदाग और बॉक्साइट खनन प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों की बैठक हुई. इसमें इटकीरी से सेरेन्गदाग तक जर्जर हो चुकी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर चर्चा की गयी. ग्रामीणों ने कहा कि कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है.

ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय प्रत्याशी बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद गरीबों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते. सड़क पर बॉक्साइट लदे सैकड़ों ट्रक लगातार चलते हैं. इससे सड़क की हालत और खराब होती जा रही है. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं और धूल से लोगों को परेशानी हो रही है.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हिंडाल्को कंपनी क्षेत्र से बॉक्साइट ले जाकर कमाई कर रही है, लेकिन खनन प्रभावित गांवों के लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण मरीजों को अस्पताल ले जाने में सबसे ज्यादा परेशानी होती है. ग्रामीणों के अनुसार, 108 एंबुलेंस भी कई बार क्षेत्र में नहीं पहुंच पाती है. किराये का वाहन मिलने पर भी प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने में कई घंटे लग जाते हैं.

ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की समस्या सिर्फ आवागमन की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है. सांसद, विधायक, हिंडाल्को कंपनी और प्रशासन से कई बार मांग के बावजूद स्थिति जस की तस है.

बैठक में ग्रामीणों ने साफ कहा कि सड़क निर्माण की मांग अब आंदोलन का रूप लेगी. ग्रामीणों के अनुसार, जल्द ही बड़े आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी. इसके बाद सड़क निर्माण को लेकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *