गुमला

Video: गुमला बाईपास पर बाइकर्स गैंग का आतंक, ट्रक रोककर चालक-खलासी पर रॉड से हमला

गुमला के उर्मी बाईपास सड़क पर बाइकर्स गैंग ने उत्पात मचाते हुए एक ट्रक को रोककर चालक गुलाम अंसारी समेत तीन लोगों पर हमला कर दिया. मारपीट में गुलाम अंसारी के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद निजी अस्पताल में उसका इलाज कराया गया. सूचना मिलते ही उर्मी पिकेट प्रभारी अम्पा हेम्ब्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस को देखते ही सभी हमलावर भाग निकले.

घटना के बाद उर्मी पिकेट प्रभारी अम्पा हेम्ब्रम ने भी दिलेरी दिखाते हुए पुलिस वाहन से हमलावर बाइकर्स गैंग के युवकों का पीछा किया, लेकिन सभी तेजी से भाग निकले. बताया जा रहा है कि युवकों की संख्या करीब 10 से 12 थी. गाड़ी पास लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में मारपीट में बदल गया. ट्रक चालक बचने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन युवकों ने पीछा कर ट्रक रुकवाया और लोहे की रॉड व हेलमेट से ट्रक में बैठे तीन लोगों पर हमला कर दिया.

गाड़ी जशपुर से रांची जा रही थी

चालक ने बताया कि गाड़ी जशपुर से रांची जा रही थी. पहले एक ट्रक से विवाद हुआ. इसके बाद बाइकर्स गैंग के युवकों ने पीछा कर गाड़ी रुकवाने के बाद हमला कर घायल कर दिया.

बाईपास में लाइट की व्यवस्था नहीं

लोग लंबे समय से बाईपास में लाइट की व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं. लेकिन बाईपास में लाइट की व्यवस्था नहीं है. जिससे आए दिन अंधेरे में इस प्रकार की घटना घटते रहती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से उर्मी चौराहा के चारों रूट पर 100-100 फीट की दूर में सोलर लाइट लगाने की मांग किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *