गुमला: सरना स्थल के पास जुआ खेलते सात लोग गिरफ्तार, नकद और ताश बरामद
गुमला थाना पुलिस ने देर रात जुआ खेलने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ हजार 740 नकद और ताश की गड्डियां बरामद की हैं. मामले में गुमला थाना कांड संख्या 377/2026, दिनांक 29 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की रात करीब 12:15 बजे गश्ती के दौरान सूचना मिली कि गुमला थाना क्षेत्र के भरदा गांव स्थित सरना स्थल के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं. सूचना वरीय पदाधिकारी को देने के बाद सनहा दर्ज किया गया. वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर पुलिस टीम रात करीब 12:45 बजे सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची.
पुलिस को देखते ही वहां जुआ खेल रहे लोग भागने का प्रयास करने लगे. पुलिस ने सशस्त्र बल की मदद से पीछा कर सात लोगों को पकड़ लिया. पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने जुआ खेलने की बात स्वीकार की. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाबीर साहू (34), कैलाश साहू (34), मनी गोप (31), अनुप साहू (27), शालिक साहू (25), आशीष कुमार (26) और सुधीर साहू (40) के रूप में हुई है। इनमें चार आरोपी भरदा गांव, जबकि अन्य पंडरिया, सिलाफारी और बरगांव क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं.
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने 52 पत्ती खुला ताश, एक सीलबंद ताश का पैकेट तथा 8,740 नकद बरामद किया. बरामद राशि में 500 के 14 नोट, 200 के सात नोट, 100 के तीन नोट और 20 के दो नोट शामिल हैं. पुलिस ने बरामद सामान की जब्ती सूची तैयार कर उसे विधिवत जब्त किया. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 292 तथा बंगाल जुआ अधिनियम-1867 की धारा 11 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई राजेंद्र कुमार को दी गई है.
