इलाज में लापरवाही का आरोप, पेशकार का एक हाथ हुआ खराब, 13.50 लाख रुपये हर्जाने की मांग
डॉक्टर की लापरवाही से एक हाथ से पेशकार अपंग हो गये. उन्होंने डॉक्टर पर 13.50 लाख रुपये हर्जाने का दावा किया है. गुमला में इलाज के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही से दाहिने हाथ की कलाई टेढ़ी जुड़ने का आरोप लगाते हुए व्यवहार न्यायालय गुमला के पेशकार राजू बहादुर ने जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग में 13.50 लाख रुपये हर्जाने का दावा दायर किया है. उन्होंने दोबारा ऑपरेशन के लिए तीन लाख रुपये खर्च होने का अनुमान भी बताया है. दायर परिवाद के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को दाहिने हाथ की कलाई में फ्रैक्चर होने के बाद राजू बहादुर सदर अस्पताल गुमला पहुंचे थे.
वहां हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पीसी भगत ने प्लास्टर चढ़ाया और चिंता की कोई बात नहीं होने की बात कही. चिकित्सक के निर्देश पर उन्होंने प्लास्टर के सातवें और 21वें दिन फॉलोअप कराया तथा एक्स-रे भी कराया. इसके बावजूद एक जून को प्लास्टर हटाने पर कलाई टेढ़ी जुड़ी मिली. राजू बहादुर का आरोप है कि इसकी शिकायत चिकित्सक से करने पर उन्हें बताया गया कि अब हाथ इसी स्थिति में रहेगा. उनका कहना है कि न्यायालय में पेशकार के कार्य के दौरान अधिकतर लिखने-पढ़ने का काम करना पड़ता है. हाथ ठीक से नहीं जुड़ने के कारण उन्हें लिखने पढ़ने में दर्द और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।. दोबारा ऑपरेशन में करीब तीन लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. इस संबंध में डॉक्टर पीसी भगत का पक्ष लेने के लिए उनके मोबाइल पर संपर्क किया गया. लेकिन मोबाइल में बात नहीं हो सकी.
