गुमला

कामडरा : लाह की खेती देखने गए युवक पर टांगी से हमला, दोनों पैर तोड़े

गुमला के कामडरा थाना क्षेत्र के गाड़ा अम्बेरा गांव में शुक्रवार सुबह विवाद के दौरान सीताराम साहू ने गोवर्धन सिंह पर लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया. हमले में गोवर्धन के दोनों पैर टूट गए. सिर पर टांगी से वार होने के कारण उन्हें गंभीर चोट लगी है. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. प्राथमिक इलाज के बाद गोवर्धन की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया. वहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति नाजुक बतायी जा रही है. घटना शुक्रवार सुबह करीब छह बजे की है.

परिजनों के अनुसार, गोवर्धन सिंह अपनी जमीन पर लगे पेड़ में की गई लाह की खेती देखने गया था. इसी दौरान वहां सीताराम साहू पहुंचा और कथित रूप से गोवर्धन को वहां से चले जाने को कहा. आरोप है कि इसके बाद उसने लाठी-डंडे से गोवर्धन के साथ मारपीट शुरू कर दी. परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान गोवर्धन के दोनों पैरों पर इस कदर प्रहार किया गया कि उसके पैर टूट गए. इसके बाद भी हमला नहीं रुका और जान मारने की नीयत से उसके सिर पर टांगी से वार कर दिया गया. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद गोवर्धन वहीं घायल होकर गिर पड़ा.

कामडरा से गुमला, फिर रिम्स रेफर

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल गोवर्धन को कामडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया. इधर, घटना की जानकारी मिलने पर कामडरा थाना पुलिस भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने परिजनों से लिखित आवेदन देने को कहा है.

फुआ ने लगाया दबंगई का आरोप

गोवर्धन की फुआ पुष्पा देवी ने आरोप लगाया कि सीताराम साहू दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है. उन्होंने बताया कि जमीन पर लगे पेड़ में गोवर्धन ने लाह की खेती की है और इसी को देखने वह शुक्रवार की सुबह गया था. पुष्पा देवी के अनुसार, सीताराम ने गोवर्धन को वहां देखकर आपत्तिजनक तरीके से बात की और इसके बाद हमला कर दिया. पुष्पा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि सीताराम के दबंग रवैये के कारण उनके पति को भी अपने घर की ओर आने से रोका जाता है. घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *