गुमला

गांधी जयंती पर लायंस क्लब गुमला ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

गुमला. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गांधी पार्क में लायंस क्लब गुमला की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. क्लब के सदस्यों ने गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इस दौरान सदस्यों ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के रास्ते पर चलने का संकल्प लिया. क्लब अध्यक्ष लायन पदम कुमार साबू ने कहा कि गांधीजी का जीवन और उनके विचार आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा हैं. उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाने के साथ समाज को शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया. गांधीजी के आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है.

क्लब के सचिव एमजेएफ डॉ. शंकर लाल जाजोदिया ने कहा कि गांधीजी का जीवन हमें सादगी, सेवा और मानवता का संदेश देता है. समाज में व्याप्त भेदभाव, हिंसा और असमानता को दूर करने के लिए उनके विचारों को अपनाना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि लायंस क्लब का उद्देश्य भी समाजसेवा के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है.

वहीं, क्लब के पीआरओ लायन हेमंत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि गांधी जयंती केवल एक महापुरुष को याद करने का दिन नहीं, बल्कि उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का अवसर है. गांधीजी का मानना था कि स्वच्छता, शिक्षा, सत्य और अहिंसा एक स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र की नींव हैं. आज की युवा पीढ़ी को गांधीजी के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए.

इस अवसर पर क्लब के कोषाध्यक्ष एमजेएफ लायन संजय कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष लायन मनमोहन केसरी, उपाध्यक्ष लायन दामोदर कसेरा, जिला चेयरपर्सन लायन अशोक कुमार जायसवाल, लायन शशि किरण जायसवाल एवं लायन किरण केसरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे. कार्यक्रम का समापन महात्मा गांधी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज में शांति, सद्भाव और सेवा भावना को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *