चार महीने का अंधकार छंटा: खड़िया टोली गांव में नया ट्रांसफॉर्मर लगने से लौटी रोशनी और खुशियां
(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
गुमला के चैनपुर के खड़िया टोली गांव के लिए आज का दिन एक बड़ी राहत और उत्सव का दिन बन गया. पिछले करीब चार महीनों से अंधेरे में डूबे इस गाँव में आखिरकार बिजली की रोशनी वापस लौट आई है. मिली जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने के कारण खड़िया टोली गांव का मुख्य ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह जलकर खराब हो गया था.
ट्रांसफॉर्मर के क्षतिग्रस्त होने से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी. भीषण गर्मी और तमाम परेशानियों के बीच ग्रामीणों को लगभग चार महीने तक बिना बिजली के अंधेरे में जीवन गुजारना पड़ा. गांव की इस विकट समस्या को संज्ञान में लेते हुए स्थानीय जिला परिषद श्रीमती मैरी लकड़ा ने इसके समाधान के लिए गंभीर प्रयास किए. उनके अथक प्रयासों और पहल के चलते आज (02 अक्टूबर 2026) खड़िया टोली में नया ट्रांसफॉर्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया.
ग्रामीणों में खुशी की लहर और आभार व्यक्त
गांव में दोबारा बिजली आते ही बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के चेहरों पर मुस्कान लौट आई. पढ़ाई-लिखाई और दैनिक कामकाज सुचारू होने से ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. समस्त ग्रामवासियों ने इस संकट की घड़ी में सहयोग करने और गांव में बिजली बहाल कराने के लिए जिला परिषद श्रीमती मैरी लकड़ा जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है.
