गुमला में PLFI के जोनल कमांडर समेत चार गिरफ्तार, तीन हथियार और छह प्रतिबंधित पर्चे बरामद
गुमला में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि विश्राम कोंगाड़ी अपने दस्ते के सदस्यों के साथ कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगदा गांव के आसपास किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए बसिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर मरांडी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया.
इसके बाद पुलिस टीम ने अभियान चलाकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी बंदूक, एक देशी कट्टा, दो मैगजीन, सात कारतूस, एक खोखा, चार मोबाइल फोन और संगठन के छह प्रतिबंधित पर्चे बरामद किए गए. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
