गुमला

गुमला: सोशल मीडिया पर परवान चढ़ा प्यार, अब साथ जीने के लिए दो युवतियों ने महिला थाने में लगाई गुहार

गुमला में सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती कब प्यार में बदल गई, इसका एहसास दो युवतियों को तब हुआ, जब वे एक-दूसरे के साथ पूरी जिंदगी बिताने का फैसला कर बैठीं. दोनों की शादी वर्ष 2025 में अलग-अलग युवकों से हुई थी. लेकिन अब दोनों अपने वैवाहिक रिश्तों से अलग होकर एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जता रही हैं. बुधवार, 22 अक्टूबर को दोनों युवतियां गुमला महिला थाना पहुंचीं और पुलिस से उनकी शादी कराने की गुहार लगाई. इस मामले ने पारिवारिक रिश्तों, सामाजिक मान्यताओं और व्यक्तिगत पसंद को लेकर चर्चा छेड़ दी है.

मिली जानकारी के अनुसार, लोहरदगा जिले के ईटा गांव की रहने वाली युवती की शादी गुमला शहर के शांति नगर में हुई है. उसका पति गुपचुप बेचने का काम करता है. वहीं, उत्तर प्रदेश के झांसी की रहने वाली दूसरी युवती की शादी दिल्ली में हुई है. उसका पति नोएडा में अधिवक्ता हैं, जबकि युवती दिल्ली के राजापुरी इलाके में कॉस्मेटिक से संबंधित काम करती है.

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ संपर्क, फिर बढ़ीं नजदीकियां

बताया जाता है कि दोनों के बीच वर्ष 2024 से इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत हो रही थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे एक-दूसरे को पसंद करने लगीं. समय के साथ उनका रिश्ता प्रेम में बदल गया. दोनों ने एक साथ रहने और पूरी जिंदगी साथ बिताने की इच्छा जताई. हालांकि, वर्ष 2025 में दोनों की अलग-अलग युवकों से शादी हो गई, लेकिन इसके बावजूद उनका एक-दूसरे के प्रति लगाव कम नहीं हुआ.

दिल्ली से रांची पहुंची युवती

बताया जाता है कि युवती दिल्ली से रांची पहुंची, जहां इंस्टा फ्रेंड उसे लेने पहुंची. इसके बाद वह युवती को लेकर गुमला के शांति नगर स्थित अपने ससुराल लौट आई. दिल्ली वाली युवती रातभर उसके ससुराल में रही. जानकारी के अनुसार, युवती के ससुराल पक्ष के लोगों को दोनों के रिश्ते की जानकारी थी और उन्होंने इसका विरोध नहीं किया. हालांकि, इस संबंध को लेकर परिवार में कई बार बातचीत हुई और काजल को समझाने का प्रयास भी किया गया.

युवती का कहना बताया जाता है कि वह पुरुषों के साथ वैवाहिक जीवन नहीं बिताना चाहती और दिल्ली में पसंदीदा युवती के साथ रहना चाहती है. उसके अनुसार, परिवार को पहले से उसकी पसंद की जानकारी थी, इसके बावजूद उसकी शादी करा दी गई.

महिला थाना पहुंचकर मांगी साथ रहने की अनुमति

बुधवार सुबह युवती अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों के साथ दिल्ली वाली युवती को लेकर महिला थाना पहुंची. वहां दोनों युवतियों ने एक-दूसरे के साथ रहने और शादी करने की इच्छा जताई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती के मायके पक्ष से संपर्क कर उन्हें थाना बुलाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने आने से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों को लोहरदगा जाकर संबंधित थाना में अपनी बात रखने की सलाह दी गई.

एफआईआर की धमकी से पति परेशान

इस मामले में एक और पहलू सामने आया है. बताया जाता है कि युवती के मायके पक्ष को उसके समलैंगिक संबंध की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने युवक पर दबाव बनाया है. कथित तौर पर परिजनों ने धमकी दी कि यदि युवती दिल्ली वाली युवती के साथ जाती है, तो वे युवक के खिलाफ बेटी को बेचने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराएंगे.

बताया जाता है कि युवक अपनी पत्नी की इच्छा को देखते हुए उसे दिल्ली वाली युवती के साथ जाने देने के लिए तैयार है, लेकिन प्राथमिकी दर्ज कराने की कथित धमकी से परेशान है. फिलहाल दोनों युवतियां युवक और उसके कुछ रिश्तेदारों के साथ लोहरदगा गई हैं. वहां थाना पहुंचकर अपनी बात रखने की बात कही गई है.

फिलहाल मामला दोनों युवतियों की इच्छा, पारिवारिक विरोध और संभावित कानूनी कार्रवाई के बीच उलझा हुआ है. पुलिस की ओर से इस मामले में किसी औपचारिक निष्कर्ष या आगे की कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *