हेमंत सरकार पर बरसे सुदेश महतो, बोले- झारखंड में जमीन और खनिज की लूट, नशे की गिरफ्त में युवा
आजसू पार्टी की ओर से सोमवार को गुमला टाउन हॉल में कार्यकर्ता सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा और राज्य की व्यवस्था को पूरी तरह चरमराया हुआ बताया. सुदेश महतो ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है. आज राजनीति में एक बड़ा सवाल यह है कि क्या गांव का कोई साधारण व्यक्ति नेतृत्व की भूमिका तक पहुंच सकता है?
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक व्यवस्था ऐसी बना दी गई है कि आम लोगों के लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो गया है. गांवों में चलने वाली योजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में जमीन और खनिज संपदा की लूट हो रही है. राजस्व विभाग से लेकर विभिन्न सरकारी कार्यालयों तक वसूली का माहौल है और आम जनता परेशान है. उन्होंने कहा कि शासन का काम जनता की सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करना है, लेकिन लोगों को अपने काम के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. मंईयां सम्मान योजना पर सवाल उठाते हुए सुदेश महतो ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले सरकारी धन का इस्तेमाल चुनावी लाभ के लिए किया गया. उन्होंने कहा कि योजना में नए लाभुकों के नाम जोड़ने के बजाय कई लोगों के नाम काटे जा रहे हैं. साथ ही, उन्होंने संसाधनों के दोहन और अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए. राज्य में नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड को दूसरे पंजाब की राह पर ले जाने की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा कि नशे की चपेट में युवा पीढ़ी का आना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है. आज स्थिति यह है कि जिन सार्वजनिक स्थानों पर बुजुर्गों को सम्मान और सुरक्षा का अनुभव होना चाहिए, वहां भी वे असहज महसूस कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि जब किसी मां का बच्चा स्कूल-कॉलेज तक पहुंचने से पहले ही नशे की गिरफ्त में आ जाता है, तो उस परिवार का दर्द समझा जा सकता है. उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के पीछे भी नशे को एक गंभीर कारण बताते हुए युवाओं को इससे बचाने की जरूरत पर जोर दिया. सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं से राज्य की मौजूदा परिस्थितियों के खिलाफ एकजुट होकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया.
सीएम आंदोलनकारी परिवार के, फिर भी उम्मीद अधूरी : देवशरण भगत
केंद्रीय प्रवक्ता डॉक्टर देवशरण भगत ने कहा कि आजसू की सोच के साथ कई लोगों ने आज पार्टी का दामन थामा है, क्योंकि पार्टी का नेतृत्व बेदाग है. पार्टी का अपना एक इतिहास रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य के मुखिया सीएम हेमंत सोरेन एक आंदोलनकारी परिवार से हैं, लेकिन राज्य की उम्मीद अभी भी अधूरी है. हेमंत सोरेन कोई काम नहीं कर रहे हैं. इनका नेचर खरीदने और बेचने का रहा है. इससे उम्मीद ही क्या कर सकते हैं. लेकिन अब झारखंड को संवारने का काम आजसू करेगी.
आजसू का दामन थामने वालों का स्वागत
कार्यक्रम को पालकोट राजा राम मनोहर नाथ शाहदेव, बोनीफास कुजूर, अंजू देवी, गोवर्द्धन सिंह समेत अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया. इस दौरान काफी संख्या में लोगों ने आजसू पार्टी का दामन थामा. जिनका फूलमाला से स्वागत किया गया. इस अवसर पर मंच का संचालन केंद्रीय महासचिव गोपीनाथ सिंह ने किया. मौके पर केंद्रीय महासचिव उमेश भोक्ता, आशुतोष तिवारी, धनेश्वर नगेसिया, दिलीपनाथ साहू, ओम भारती, बबलू जी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.
