गुमला पुलिस के हत्थे चढ़े तीन युवक, 18.57 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त
गुमला पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 18.57 ग्राम ब्राउन शुगर और एक स्कूटी जब्त की गई है. गिरफ्तार युवकों में पियुष केरकेट्टा (19), अनमोल बाड़ा (20) और कोसमोस एक्का (25) शामिल हैं. तीनों जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं.
रविवार को एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव और थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि शनिवार 31 अक्टूबर को शाम करीब 4:50 बजे एसपी हारिश बिन जमां को गुप्त सूचना मिली थी कि गुमला थाना क्षेत्र के करंज मोड़, सोसो के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं. सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया. इसमें अंचलाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल को शामिल किया गया.
छापेमारी दल शाम करीब 5:55 बजे मौके पर पहुंचा. वहां टीवीएस इंटॉर्क स्कूटी (जेएच 07 एम 024) पर तीन युवक बैठे मिले. पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की में पारदर्शी प्लास्टिक में रखा 18.57 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ. इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
इस संबंध में गुमला थाना में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है. छापेमारी दल में थाना प्रभारी दिनेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गौतम वर्मा, सहायक अवर निरीक्षक सगीर आलम, राजेश कुमार और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
