गुमला

गुमला वालों बच के! बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और अधूरे कागजात वाली गाड़ियों पर कार्रवाई

गुमला जिले में सड़क हादसों को रोकने के लिए जिला परिवहन विभाग ने मंगलवार को डीएवी मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया. उपायुक्त दिलेश्वर महतो और जिला परिवहन पदाधिकारी सत्येंद्र महतो के निर्देश पर चलाये गये इस अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 1 लाख 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.

अभियान का नेतृत्व मोटरयान निरीक्षक प्रदीप कुमार तिर्की ने किया. जांच दल ने डीएवी मोड़ पर नाका लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की. इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने, एक बाइक पर तीन लोगों के सवार होने और आवश्यक कागजात नहीं रखने वाले चालकों पर विशेष नजर रखी गयी। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा, परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र और रोड टैक्स से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गयी। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों का चालान काटा गया.

मोटरयान निरीक्षक प्रदीप कुमार तिर्की ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है. इससे चालक के साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है. उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा वाहन के सभी आवश्यक कागजात दुरुस्त रखने की अपील की. परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *