हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने से पुलिस ने रोका, पुतला छीनकर भागे थानेदार
गुमला में झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ प्रदर्शन किया. सरायकेला के गम्हरिया में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया, लेकिन पहले से तैनात पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इस दौरान थाना प्रभारी दिनेश कुमार भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ में घुसे और पुतला छीनकर अपने साथ ले गए. इसे लेकर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक छीना-झपटी और हंगामा होता रहा.
पुतला दहन नहीं कर पाने पर कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सागर उरांव ने की. भाजपा नेताओं ने गम्हरिया की घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा. प्रदेश उपाध्यक्ष मुनेश्वर साहू और जिला महामंत्री संदीप प्रसाद ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार महिला विरोधी है और राज्य में बहू-बेटियों की सुरक्षा खतरे में है. उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के नाम पर महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है.
महिला मोर्चा की महामंत्री पायल तिवारी ने कहा कि गम्हरिया की घटना से महिलाओं में भय का माहौल है. वहीं, भाजपा नेता संदीप प्रसाद ने आरोप लगाया कि जब सुरक्षा की गुहार लगाने पहुंची महिला ही पुलिसकर्मी के कथित दुष्कर्म का शिकार हो जाए, तो आम महिलाओं की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘नारी का अपमान नहीं सहेगा झारखंड’ और ‘महिलाओं के सम्मान में भाजपा मैदान में’ जैसे नारे लगाए. मौके पर निर्मल गोयल, श्याम सुंदर साहू, सुरेश नाथ सिंह, दामोदर कसेरा, सबिन्द्र कुमार सिंह, मंगल सिंह भोक्ता, कौशल साहू, सुजीत नन्दा, खुशमन नायक, कौशलेंद्र जमुआर, अनीता देवी, उर्मिला पन्ना, नीलम गुप्ता, सावित्री देवी, रेखा सिन्हा, गुड्डी नंदा और खुशी कुमारी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
