गुमला के चार हैंडबॉल खिलाड़ियों का पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए चयन, बीएचयू में दिखाएंगे दम
गुमला. पीटीआई मनोज कुमार के नेतृत्व में कार्तिक उरांव महाविद्यालय के चार हैंडबॉल खिलाड़ी सद्दाम अंसारी, तुषार गोप, संतोष उरांव और एनोस उरांव पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता में रांची विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे. ये सभी खिलाड़ी स्पोर्ट्स एकेडमी गुमला के प्रशिक्षु हैं.
2 से 6 नवंबर तक बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चारों खिलाड़ी रवाना हुए. इस अवसर पर टावर चौक स्थित स्पोर्ट्स एकेडमी के निदेशक सह रांची विश्वविद्यालय हैंडबॉल चयन समिति के सदस्य सैयद जुन्नु रैन, बरवे हाई स्कूल चैनपुर के प्राचार्य फादर सिरिल कुल्लू, राष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी असर आबदीन, विक्रम राज ठाकुर, हफीजुर रहमान और समीम खान ने खिलाड़ियों को फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाओं के साथ विदा किया.
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर कार्तिक उरांव महाविद्यालय, रांची विश्वविद्यालय और झारखंड का नाम रोशन करें तथा जीत का परचम लहराएं. उन्होंने यह भी कहा कि गुमला लौटने पर खिलाड़ियों को सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर सम्मानित किया जाएगा.
