गुमला में अपराधियों पर एसपी का शिकंजा! पशु तस्करी, अवैध बालू और नशे के कारोबार पर सख्ती के निर्देश
गुमला जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिसिंग की कार्यशैली को दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को सिसई और करंज थाना का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, थाना भवन और पुलिस बैरक की स्थिति का जायजा लेने के साथ थानों में संधारित विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की भी जांच की.
निरीक्षण के दौरान एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को थाना परिसर और बैरक में साफ-सफाई बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया. साथ ही सभी अभिलेखों और संचिकाओं का व्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने एवं उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने को कहा. लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया.
एसपी ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पशु तस्करी, अवैध बालू कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. वहीं, ब्लैक स्पॉट और हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा. इसके लिए नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अधिक से अधिक विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
इसके अलावा उग्रवादी संगठनों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सूचना तंत्र मजबूत करने और अधिक से अधिक आसूचना जुटाने पर बल दिया. एसपी ने उग्रवादी गतिविधियों में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी रणनीति बनाकर आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और सड़क सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल हैं.
