गुमला

चैनपुर : छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिप सदस्य मेरी लकड़ा ने अधिकारियों के साथ सपही नदी छठ घाट का किया निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर चैनपुर प्रखंड प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. इसी क्रम में गुरुवार को प्रखण्ड सह अंचल पदाधिकारी दिनेश प्रसाद गुप्ता, चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार एवं जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने संयुक्त रूप से दल-बल के साथ चैनपुर स्थित सपही नदी छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, घाटों की साफ-सफाई, और श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्गों का बारीकी से जायजा लिया. मौके पर प्रखण्ड सह अंचल पदाधिकारी दिनेश प्रसाद गुप्ता ने छठ पूजा के दौरान घाट पर पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम, पेयजल और स्वच्छता बनाए रखने को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.

वहीं, थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही. उन्होंने कहा कि महापर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए घाट एवं मुख्य मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.

जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने भी स्थानीय ग्रामीणों और पूजा समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर घाट की व्यवस्थाओं को समय से पहले दुरुस्त करने पर जोर दिया. वही प्रशासनिक पदाधिकारियों की इस तत्परता से क्षेत्र के श्रद्धालुओं और पूजा समिति के सदस्यों में उत्साह देखा जा रहा है. निरीक्षण के दौरान प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मी, पुलिस बल के जवान तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *