गुमला

गुमला : ब्राउन शुगर और गांजा की बिक्री से युवाओं का भविष्य बर्बाद होने का आरोप, पुलिस को सौंपा ज्ञापन

गुमला शहर के बड़ाइक मोहल्ले में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ स्थानीय लोगों ने मोर्चा खोल दिया है. मोहल्ले में आयोजित आपात बैठक में लोगों ने नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने और इस कारोबार में शामिल लोगों की सूचना पुलिस को देने का निर्णय लिया. बैठक के बाद मोहल्लेवासियों ने गुमला थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की. आवेदन में कहा गया है कि शहर के बीचोंबीच स्थित घनी आबादी वाले बड़ाइक मोहल्ला अखाड़ा के पास कई दिनों से अज्ञात लोगों द्वारा ब्राउन शुगर, गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है. इसकी चपेट में मोहल्ले के युवा ही नहीं, कम उम्र के बच्चे भी आ रहे हैं. इससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है और बहन-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है.

गुमला पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

इधर, आवेदन मिलने के बाद गुमला पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने कई युवकों को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ की है. पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान जारी है. कहीं से भी सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जायेगी.

घर छोड़ दें या जीना छोड़ दें, पुलिस बताये क्या करें

युवक संदीप कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस मोहल्ले के लोगों की परेशानी समझे और युवाओं को नशे के चंगुल से बचाये. उन्होंने नियमित गश्ती और संदिग्ध लोगों की जांच करने की मांग की. कहा कि युवाओं को बचाने के लिए पुलिस को क्षेत्र में ठोस कार्रवाई करनी होगी. जिस प्रकार ब्राउन शुगर की बिक्री हो रही है, उससे स्थिति ऐसी हो गयी है कि घर छोड़ दें या जीना छोड़ दें। पुलिस बताये क्या करें.

ज्ञापन पर संदीप कुमार सिंह, माली खड़िया, अंशु भगत, निकी उरांव, दीपक कुमार, सूरज उरांव, प्रकाश, दीपू सिंह, विजल उरांव, शिशुपाल, सूरज लोहरा, अजय लोहरा, रंजन उरांव, सत्यम आनंद लोहरा, राकेश सिंह, विक्की खड़िया, शिवानी कुमारी, शोभा कुमारी, ईश्वर कुमारी, बसंत लोहरा, तेज किशोर सिंह एवं शशि कुमार सहित कई लोगों के हस्ताक्षर हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *