बसिया के लोंगा गांव में दिनदहाड़े चोरी, सोलर मोटर पंप समेत 1.36 लाख के सामान ले उड़े चोर
गुमला के बसिया थाना क्षेत्र के लोंगा गांव में रविवार को अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने एक घर से सोलर मोटर पंप, तार और कटर मशीन समेत करीब 1 लाख 36 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया. इस संबंध में पीड़िता सुनीता मिंज ने बसिया थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार, सुनीता मिंज के घर में निर्माण कार्य चल रहा है.
इसके लिए खरीदे गये सामान को उन्होंने बगल के घर में रखा था. रविवार दोपहर करीब 3 बजे अज्ञात चोर वहां पहुंचे और सोलर मोटर पंप, तार व कटर मशीन लेकर फरार हो गये. चोरी हुए सामान में सोलर मोटर पंप की कीमत 1.20 लाख, तार की 10 हजार और कटर मशीन की कीमत 6 हजार रुपये बतायी गयी है. पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
