चैनपुर में ख्रीस्त राजा पर्व में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य शोभायात्रा ने मोहा मन
चैनपुर अनुमंडल मुख्यालय स्थित संत जॉन चर्च में रविवार को ख्रीस्त राजा का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया. इस अवसर पर आयोजित पवित्र मिस्सा बलिदान और भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ख्रीस्त विश्वासियों ने भाग लिया. मिस्सा बलिदान के समापन के बाद बरवे मैदान से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जो चैनपुर मुख्य मार्ग से होते हुए पल्ली परिसर पहुंचकर संपन्न हुई. शोभायात्रा में गाजे-बाजे की धुन पर नाचते-गाते, प्रार्थना करते और ख्रीस्त राजा की जय के नारे लगाते श्रद्धालुओं ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. शोभायात्रा में ख्रीस्त राजा के जीवन से संबंधित रंग-बिरंगे ताजिया, झांकियां और जीवंत दृश्य आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे, जिसने सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का मन मोह लिया. वहीं जगह-जगह चौक-चौराहों में धर्म विश्वासियों द्वारा बाइबल पर आधारित झांकी का मंचन कर संदेश दिया गया. ख्रीस्त राजा पर्व को लेकर पूरे नगर की आकर्षक रूप से साज-सज्जा की गई थी और जगह-जगह तोरण द्वार सजाए गए थे.
बच्चों की झांकियों ने खींचा सबका ध्यान
इस भव्य जुलूस का सबसे प्रमुख और आकर्षक केंद्र नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई सुंदर और जीवंत झांकियां रहीं. रंग-बिरंगी और आकर्षक वेशभूषा में सजे बच्चों ने अपने भावपूर्ण अभिनय और प्रस्तुतियों के माध्यम से ख्रीस्त राजा के जीवन, प्रेम, शांति, सेवा और मानवता के संदेश को बेहद प्रभावशाली ढंग से लोगों के सामने रखा. बच्चों की इन मनमोहक झांकियों को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुटी रही. लोगों ने बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और सुंदर प्रस्तुति की भरपूर सराहना की. झांकियों के साथ चल रहे युवाओं और बड़ों के दल ने भी पूरे आयोजन को और अधिक भव्य तथा यादगार बना दिया.
धर्मगुरुओं ने दिया प्रेम, शांति और न्याय का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए डीन फादर जिब्रेनियस किंडो ने कहा कि ख्रीस्त राजा स्वर्ग और पृथ्वी दोनों के राजा हैं. फादर राजेंद्र तिर्की ने अपने प्रवचन में कहा कि येशु राजा प्रेम, शांति, न्याय, सेवा, दया, कृपा और क्षमा की प्रतिमूर्ति हैं. वहीं फादर अगस्तुस एक्का ने कहा कि येशु राजाओं के राजा और हमारे मुक्तिदाता हैं, वे हमारे दिलों में निवास करते हैं और उनका राज्य अनंत है. कार्यक्रम में प्रेम नगर के माता-पिता एवं भाई-बहनों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया.
इसके बाद कैथोलिक समिति द्वारा सुंदर ताजिया, झांकी एवं दृश्य प्रस्तुत करने वाले गांवों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य रूप से फादर पवन लकड़ा, फादर मेरियनस, फादर हेनरी, फादर सिरिल, सिस्टर ललिता, सिस्टर हेलेन, सिस्टर नित्य, सिस्टर दिव्य, जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, विनय, सुदीप, रोनाल्ड, जखरियस और बड़ी संख्या में ख्रीस्त विश्वासी उपस्थित रहे.
