मार्च तक सभी निर्माण कार्य पूरा करें : उपायुक्त
गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में कल्याण विभाग की विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, परियोजना निदेशक आईटीडीए, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अभियंता एवं कर्मी उपस्थित थे.
बैठक में उपायुक्त ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने आवेदनों का शीघ्र निष्पादन और आय प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराने को कहा. पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष छात्रवृत्ति पोर्टल पर कम पंजीकरण होने पर चिंता जताते हुए शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर पंजीकरण बढ़ाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने अरहरा एवं पुग्गु में धुमकुड़िया निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा एकलव्य आवासीय विद्यालय घाघरा, डुमरी, चैनपुर, कामडारा एवं सिसई तक पहुंच पथ निर्माण के लिए प्राक्कलन और डीपीआर तैयार करने को कहा. कल्याण अस्पताल में डॉक्टर क्वार्टर निर्माण तथा दंत चिकित्सक की नियमित सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
वहीं चापाटोली में सीपेज और क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत, डोकापाठ में फिनिशिंग कार्य एक माह में पूरा करने तथा एसएस बॉयज में रसोईघर निर्माण पर जोर दिया. इसके अलावा पालकोट उच्च विद्यालय में चारदीवारी एवं जलापूर्ति योजना का प्राक्कलन तैयार करने को कहा। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कल्याण विभाग की सभी लंबित निर्माण योजनाएं आगामी मार्च तक गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाये.
