गुमला

इस गांव की अनोठी पहल, गौरव की मौत के बाद परिवार का गांव बना सहारा

गुमला थाना के कोयनारा टोंगरीटोली निवासी गौरव सिंह की हत्या के बाद शोक में डूबे परिवार को गांव के लोगों ने अकेला नहीं छोड़ा. घटना के एक सप्ताह बाद दशकर्म के अवसर पर ग्रामीणों ने एकजुटता का परिचय देते हुए पीड़ित परिवार को चावल और नकद राशि प्रदान कर सहयोग किया. जानकारी के अनुसार, वृंदा पंचायत की मुखिया सत्यवती देवी की पहल पर गांव में बैठक हुई.

बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव का प्रत्येक परिवार अपनी सामर्थ्य के अनुसार चावल और आर्थिक सहायता देकर मृतक के परिवार का सहारा बनेगा. निर्णय के अनुरूप ग्रामीणों ने सहयोग राशि और खाद्यान्न एकत्र कर परिवार को सौंपा. मुखिया सत्यवती देवी ने भी 50 किलोग्राम चावल देकर सहयोग किया. ग्रामीणों ने कहा कि गौरव सिंह की असामयिक मौत से पूरा गांव मर्माहत है और इस कठिन समय में सभी लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं.

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के पिता रमेश सिंह लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर है. घर की जिम्मेदारी मुख्य रूप से मजदूरी कर परिवार चला रही महिलाओं के कंधों पर है. ऐसे में गौरव की हत्या ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है. वहीं दूसरी ओर, घटना के एक सप्ताह बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश है. उनका कहना है कि नामजद आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. परिजनों ने मामले में शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *