मारपीट, नगदी, मोबाइल व चांदी की चेन छीनने का आरोप
गुमला सदर थाना के रकमसेरा निवासी श्रवण साहू ने एक व्यक्ति पर मारपीट, नकदी, मोबाइल फोन और चांदी की चेन छीनने का आरोप लगाते हुए गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. थाना को दिये गये आवेदन में श्रवण साहू ने बताया है कि रविवार की सुबह करीब 7.30 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से करमडीपा स्थित पेट्रोल पंप से तेल भरवाकर बाइपास रोड स्थित अपने होटल लौट रहे थे. इसी दौरान एरोड्राम मोड़ के समीप सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो जिस पर डीएमओ का बोर्ड लगा था. उनके पास गाड़ी आकर रुकी. आवेदन के अनुसार वाहन में मौजूद नीरज कुमार ने उन्हें बुलाया और कथित रूप से थप्पड़ मारते हुए गाली-गलौज की. श्रवण साहू का आरोप है कि इसके बाद उनके साथ लात-घूंसो से मारपीट की गयी तथा कॉलर पकड़कर जबरन वाहन में बैठा लिया गया.
श्रवण साहू ने यह भी आरोप लगाया गया है कि उनके पॉकेट में रखे तीन हजार रुपये, गले में पहने चांदी की चेन तथा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, जिसमें जियो का सिम नंबर 7765073468 लगा था. छीन लिया गया. वहीं उन्हें सुबह करीब 7.45 बजे गुमला थाना लाकर उनकी इच्छा के विरुद्ध बैठाये रखा गया. उन्होंने कहा कि काफी अनुरोध के बावजूद उन्हें छोड़ा नहीं गया. जिसके बाद उन्होंने थाना में लिखित आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगायी.
