गुमला

ऑल्टो कार पलटी, लोहरदगा के युवक की मौत

घाघरा-गुमला मुख्य मार्ग पर नवडीहा पुल के समीप सड़क हादसे में लोहरदगा जिले के ओयना बड़काटोली निवासी छोटू उरांव (26 वर्ष) की मौत हो गयी. छोटू उरांव अपने घर से कंडरा मेहमानी आया हुआ था. बुधवार की देर शाम वह अपने भतीजे लक्की उरांव के साथ ऑल्टो कार से पेट्रोल भराने घाघरा गया था. लौटते समय नवडीहा पुल के पास अचानक सामने आये मवेशी को बचाने के प्रयास में ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर पलट गयी.

दुर्घटना इतनी भयावह थी कि छोटू उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा में भर्ती कराया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिये उसे सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया. जहां देर रात इलाज के दौरान छोटू उरांव ने दम तोड़ दिया. मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. वह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है. गुरुवार को एएसआइ अरविंद कुमार ने परिजनों का फर्द बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *