अंजुमन इस्लामिया गुमला चुनाव की अधिसूचना जारी, 13 सितंबर को होगा मतदान
अंजुमन इस्लामिया गुमला के सत्र 2026-29 के आम चुनाव को लेकर चुनाव कमेटी ने बुधवार, 13 अगस्त को अधिसूचना जारी कर दी. मुख्य चुनाव पदाधिकारी मुर्शिद हनीफ ने बताया कि 20 से 22 अगस्त तक नामांकन फार्म मिलेंगे. 23 से 25 अगस्त तक उम्मीदवार नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे. 27 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी. 28 अगस्त को नाम वापस लिये जा सकेंगे, जबकि 29 अगस्त को उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किये जायेंगे. चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं.
सभी प्रक्रियाएं शाम सात से रात नौ बजे तक चुनाव कार्यालय में संपन्न होंगी. चुनाव प्रचार की अंतिम तिथि 11 सितंबर तय की गयी है. इसके पश्चात 13 सितंबर (रविवार) को सुबह आठ से शाम चार बजे तक गुप्त मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से होगा. उसी दिन शाम सात बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किये जाएंगे. प्रेस वार्ता में मो. आशिक अंसारी, खलील अशरफी, इरफान अली सहित चुनाव कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे. मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिये समुदाय से सहयोग की अपील की है.
